1125 HAIGAS PUBLISHED TILL TODAY(04.09.15)......आज तक(04.09.15) 1125 हाइगा प्रकाशित Myspace Scrolling Text Creator

यदि आप अपने हाइकुओं को हाइगा के रूप में देखना चाहते हैं तो हाइकु ससम्मान आमंत्रित हैं|

रचनाएँ hrita.sm@gmail.comपर भेजें - ऋता शेखर ‘मधु’

Showing posts with label अतिथि. Show all posts
Showing posts with label अतिथि. Show all posts

Thursday, 9 April 2015

त्रिलोक सिंह ठकुरेला जी को ब्रज-गौरव सम्मान

त्रिलोक सिंह ठकुरेला जी को ब्रज-गौरव सम्मान - एक रिपोर्ट

हिन्दी हाइगा परिवार की ओर से हार्दिक बधाई !!
(21 - 22 मार्च / आगरा )
अखिल भारतीय साहित्य परिषद (न्यास ) की ब्रज प्रान्त इकाई का दो दिवसीय अधिवेशन 
कालिंद्री विहार ( आगरा ) स्थित त्रिदेव फ़ार्म हाउस में संपन्न हुआ ।श्री रविन्द्र शुक्ल ( पूर्व शिक्षा मंत्री ,  

उत्तर प्रदेश ) के विशिष्ठ आतिथ्य में चिंतन बैठक , काव्य -संध्या एवं सम्मान समारोह का आयोजन  

परिषद के संयोजक श्री ग़ाफ़िल स्वामी द्वारा किया गया । इस अवसर पर सुपरिचित कुण्डलियाकार एवं  
साहित्यकार श्री त्रिलोक सिंह ठकुरेला को उनके साहित्यिक योगदान के लिए 'ब्रज-गौरव सम्मान' से  

सम्मानित किया गया । डॉ.भगवती प्रसाद मिश्र 'अतीत' , ग़ाफ़िल स्वामी और डॉ . शेष पाल सिंह 'शेष ' ने  
माल्यार्पण , शॉल एवं सम्मान-पत्र देकर श्री त्रिलोक सिंह ठकुरेला को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ 

गीतकार श्री सोम ठाकुर को 'ब्रज-भूषण' , डॉ . दीं मुहम्मद दींन को 'ब्रज-रत्न' ,जय सिंह नीरद को ब्रज-

भारती' , डॉ.भगवती प्रसाद मिश्र 'अतीत' को ब्रज-मनीषी ' एवं श्री संतोष कटारा को 'ब्रज-मार्तण्ड' की 

उपाधि से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अवशेष कुमार विमल द्वारा संपादित 'शेषामृत' पत्रिका 

के डॉ. रघुनाथ मिश्र 'सहज' विशेषांक सहित कई पुस्तकों का लोकार्पण भी किया गया।

Wednesday, 27 November 2013

ख़्वाबों की खुश्बू- हाइकु जगत के सुरभित फूल

ख़्वाबों की खुश्बू- हाइकु जगत के सुरभित फूल

अभी हाल में ही मुझे तीन हाइकु संग्रह मिले|

१.माटी की नाव-रामेश्वर काम्बोज 'हिमांशु'
२.ख़्वाबों की ख़ुश्बू-डॉ हरदीप कौर संधु
३.मन के द्वार हजार-रचना श्रीवास्तव

सर्वप्रथम मैंने डॉ हरदीप जी के एकल हाइकु संग्रह को पढ़ा|पूरे हाइकु को नौ खंडों में बाँटा गया है, हर खंड किसी खास विषय या भाव को समर्पित हैं| सहज स्वभाविक अभिव्यक्ति उनके हाइकुओं की खासियत होती है|बहुत ही सुंदर कलेवर में सजी हाइकु पुस्तक में ५९८ हाइकु हैं|वरिष्ठ हाइकु लेखिका आ० सुधा गुप्ता जी ,आ० रामेश्वर काम्बोज हिमांशु जी,डॉ भावना कुँअर जी एवं रचना श्रीवास्तव जी ने पुस्तक के लिए अपनी शुभकामनाएँ दी हैं| पुस्तक पढ़ते हुए मन ने जहाँ पर भी वाह कहा वहाँ ठिठकी, फिर से पढ़ा और उन भावों में डूब सी गई|मन में उठते भाव को अभिव्यक्त किए बिना मैं न रह सकी|महसूस कीजिए ख़्वाबों की खुश्बू मेरी कलम से...आशा है इन हाइकुओं पर मैं अपने भाव प्रेषित करने में सफल हो पाऊँगी|

2-KHAVABON KI KHUSHABU-1

पुस्तक खोलते ही सबसे पहले प्रथम हाइकु ने ही मन को मोह लिया|

मन ही है जो क्षण भर में ही हजारों किलोमीटर की दूरी को पार कर जाता है, बहुत सहज अभिव्यक्ति !

पत्र जो मिला/लगा बहुत पास/दूर का गाँव

बचपन माता पिता के अलावा नानी-दादी की बाहों को भी नहीं भूलता, इसे बताते सारे हाइकु संयुक्त परिवार के इर्द गिर्द घूमते रहते हैं|

क्या था ज़माना/बड़ा था परिवार/एक ठिकाना
कैमरा क्लिक/मुँह छुपाए अम्मा/ताई कहे न
बादल आए/दादी न चैन पाए/उपले ढके
नानी के बाल/तेल सरसों लगा,/सोने के तार
रात अँधेरी/दे रही है पहरा/बापू की खाँसी
दादी के बाद/संदूक व चरखा/एक कोने में

यादें मन की परतों पर अपना खास स्थान रखती हैं और इन यादों को हरदीप जी ने इस तरह से सँभाला है|

बिखरी यादें/मन के आँगन में/अमोल हीरे
पाखी है यादें/मन खुला आसमाँ/उड़ी ये यहाँ
ठंढक मिली/आया जब यादों का/नाज़ुक झोंका
कुछ पिघला/जाग गईं सुधियाँ/आँखें सजल

जब नारी माँ बनती है तो बहुत सारे सुखद अहसास से गुजरती है,उस एहसास की खुश्बू पाठकों तक इस प्रकार पहुँची|

जन्मी बिटिया/लगा आठो पहर/गूँजते गीत
जन्मी बिटिया/अलगनी पे टँगे/रंगीन फ्राक
गोद में नन्ही/माँ के आँचल में ज्यों/खिली चाँदनी
शिशु जो रोए/माँ के मोम दिल को/कुछ-कुछ हो

माँ-बेटी के प्यार को हाइकु में इस तरह पिरोया है लेखिका ने|

माँ हर दिन/मुझसे बतियाती/मेरे मन में
बात जाने वो/चेहरा पढ़कर/अंतर्यामी माँ
माँ और बेटी/सुख दुख टटोलें /टेलीफोन से

एक अच्छा और सच्चा दोस्त सौभाग्य से ही मिलता है, दोस्ती पर बड़े ही नायाब हाइकु हैं पुस्तक में|

सर्द माथे पे/है गर्म हथेली की/छुअन दोस्ती
दोस्ती लगी/महकते फूलों की/मीठी खुश्बू

ज़िन्दगी के सफ़र में अनुभव मिलते गए और उन भावों को बटोरकर हाइकु बनते गए,देखिए|

साया ही तो है/हमारी ये ज़िन्दगी/धूप-छाँव का
दुःख आएँ तो/तब यही ज़िन्दगी/लगे कुरूप
साँसों की किश्ती/हवाओं के सहारे/तैरती रही
रक्त से नहीं/हृदय से बनते/पावन रिश्ते
कैसी वाटिका/जहाँ रंग-बिरंगे/फूल लापता

कुछ अनोखे सच से लेखिका ने इस प्रकार से परिचय करवाया|

खाने वालों की/  उठा रहे जूठन/ये भूखे बच्चे
ऊँचे मकान/रेशमी हैं परदे/उदास लोग
किया उजाला/काजल भी उगला/दीप जो जला
गैरों ने मारा/अब अपने मारें/आज़ाद हम

प्रकृति का सौन्दर्य,तपन-शीतलता-स्वाद, इन सबको हाइकु में यूँ उकेरा गया है...
ग्रीष्म ऋतु में/देखे जो आम/टपके लार
छत पे सोए/बारिश अचानक/भागना पड़ा
किरणें ओढ़/सोने सी सुनहरी/आया बसंत
जेठ महीना/अंगार हैं झरते/तपता सूर्य
फूल मनाए/वेलेनटाइन डे/कलियों संग
गर्मी सताए/घुँघरु लगी पंखी/जान बचाए

अब कुछ पावन एहसास...

तू चुप रहा/चेहरा करे बयाँ/ये सारी दास्ताँ
ढूँढा बहुत/कहीं ढूँढ न पाए/हृदय-धन
जब हो दर्द/बस एक चाहिए/तुम्हारा स्पर्श
खुली किताब/गिरा सूखा गुलाब/चमकी यादें

पुस्तक के संसार-सरिता खंड में डुबकी लगाई तो हाइकु मोतियों की चमक भावविभोर कर गई|

नज़रें मिलीं/चाहत के हाशिए/छलक उठे
जब तू हँसी/फ़िज़ा में चाँदनी/फैलने लगी
सावन-घटा/रोम-रोम थिरका/रस छलका
दग़ा न देगा/चोंच जो दी उसने/चुग्गा भी देगा

पुस्तक का अन्तिम खंड-त्रिंजन अर्थात गाँव की हँसती गाती लडँकियों का समूह,इसी त्रिंजन को आधार बनाकर हरदीप जी ने ५० हाइकु बनाए हैं|

मन त्रिंजन/सदियों से बंजारा/घूमे आवारा
मन-त्रिंजन/लो तेरी याद आई/हँसी तन्हाई
कात रे मन/संसार-त्रिंजन में/मोह का धागा
जग त्रिंजन/अनजान नगरी/कहाँ ठिकाना

''ख़्वाबों की खुश्बू'' बहुत ही मनमोहक है, पुस्तक एक बार पढ़ना शुरु किया तो अन्त तक पढ़कर ही मन मानता है| आप भी पढ़ें,निःसंदेह इसकी खुश्बू से सराबोर हुए बिना नहीं रहेंगे आप...शुभकामनाओं सहित...ऋता शेखर 'मधु'

Sunday, 10 November 2013

सांसों की सरगम---यथा नाम तथा गुण (पुस्तक समीक्षा )


सांसों की सरगम---यथा नाम तथा गुण

'सांसों की सरगम', अपने नाम के अनुरूप खूबसूरत हाइकु पुस्तक मेरे हाथों में है |यह वरिष्ठ लेखिका आदरणीया  डा रमा द्विवेदी जी का एकल हाइकु संग्रह है जिसे रमा जी ने उपहारस्वरूप भेजा है | आवरण पृष्ठ की साजसज्जा बेहद खूबसूरत है| हिन्द युग्म की ओर से प्रकाशित इस पुस्तक का  मूल्य मात्र १५०/- रु है| इसमें रमा जी ने ५६९हाइकु पुष्प पिरोए हैं जिनमें विविध रंगों के१६ खुशबूदार पुष्प हैं | १६ विषयों पर आधारित सभी हाइकु हाइकुकार के गहन चिंतन को दर्शाते हैं| वरिष्ठ हाइकुकार आ०रामेश्वर काम्बोज हिमांशु जी एवं आ०डा सतीशराज पुष्करणा जी ने पुस्तक के लिए अनमोल शब्द लिखे हैं| 

प्रकृति पर लिखे गए रमा जी के हाइकु अद्भुत हैं|
ओस के रूप में गिरते चाँद के आँसू उसका अकेलापन दर्शा रहे हैं जिसे ममतामयी उषा अपने आँचल से पोंछ रही है, बड़ा ही मनोरम दृश्य उत्पन्न हो रहा है|
चाँद के आँसू / ओस बन बिखरे / उषा ने पोंछे

हाइकु एक बानगी यहाँ देखिए| समाज में जो कल्याणकारी और मधुर कार्य कर रहे हैं, आवश्यक नहीं कि उनके गुण भी उतने ही अच्छे हों|
मधुमक्खी है/ काम मधु बनाना/ गुण काटना
आग का गुण/ सिर्फ़ जलना नहीं/ जलाना भी

विपरीत परिस्थितियों को भी हँसते हँसते सह लेना चाहिए, उसका अद्भुत उदाहरण है यह हाइकु-
सहते वृक्ष/ वर्षा-शिशिर-ग्रीष्म/ खिलखिलाते

युवापीढ़ी पर अनावश्यक रोकटोक ठीक नहीं, इस हाइकु में देखिए|
वट न बनो/ पनपने दो पौधे/ निज छाँव में

नव जीवन सदा खुशियाँ ही देता है, यहाँ देखिए|
खिलता मन/ नई कोंपलें देख / विस्मृत गम

यह हाइकु मृगमरीचिका का आभास देता हुआ-
अंबर धरा/ क्षितिज में मिलन/ सुंदर भ्रम

व्यथित मन की दास्ताँ हैं ये हाइकु-
जुबाँ खामोश/ चेहरे पे उल्लास/ दर्द पर्दे में
हर रिश्ते में/ होता है अनुबंध/ दर्द-पैबंद

जिन्दगी के लिए रमा जी का नजरिया इस प्रकार है-
मंज़िल नहीं/ सफ़र है ज़िन्दगी/ रुकी तो खत्म

दोहरा व्यक्तित्व मन को क्षोभ से भर देता है,
सभ्य इंसान/ असभ्य हरकतें/ युग का सच

मनुष्य कभी कभी अपने ही गुणों से अनभिज्ञ रहता है, उसे पाने के लिए प्रेरित करता यह सुंदर हाइकु- 
खंगालो जरा / मन का समंदर / मोती गहरे

कोई भी रचनकर्म काफी वक्त लेती है किन्तु उसे मिटाना हो तो पल भर भी नहीं लगता, इस बात को रमा जी ने हाइकु में इस तरह से सहेजा है--कठिन होता / रचनात्मक कार्य / ध्वंस आसान

माँ को शब्दों में बाँधना बहुत कठिन है पर इस हाइकु के बारे में क्या ख्याल है ?
माँ सरगम / माँ प्रेम प्रतिभास / माँ अहसास

आज के जमाने में जब सभी अंतरजाल से जुड़े हैं तो उस पर हाइकु भी अवश्य लिखा जाना चाहिए| रमा जी ने बहुत सुंदर हाइकु लिखे इस विषय पर...
हैं अनजान / अड़ोस पड़ोस से / सर्फिंग प्यार
फेसबुक में / ग़ज़ब आकर्षण / अजब नशा

ये थे रमा द्विवेदी जी के कुछ हाइकु जो 'सांसों की सरगम' की शोभा बढ़ा रहे हैं| अब बाकी हाइकु तो पुस्तक में ही पढ़े जा सकते हैं| विविध विषयों पर लिखे गए सभी हाइकु पढ़कर आपको भी आनन्द आएगा, ऐसा मेरा विश्वास है| आगे भी रमा जी से इतनी ही सारगर्भित पुस्क की अपेक्षा है|
.........शुभकामनाओं सहित
ऋता शेखर 'मधु'
10/11/2013


Saturday, 9 November 2013

एक चिट्ठी प्यारी सी

आदरणीया  डा सुधा गुप्ता जी ने अपनी बहुत सारी किताबें तो मुझे दी हीं...साथ में भेजा एक प्यारा सा खत...उनका आशीर्वाद पाकर अभिभूत हूँ...आप भी पढ़िए...आभार सुधा दीदी !


Friday, 25 October 2013

सात पुस्तकें

दो दिन पहले वरिष्ठ हाइकुकार डॉक्टर सुधा गुप्ता जी द्वारा भेजी गई सात पुस्तकें मिलीं ...पुस्तक पाकर हार्दिक प्रसन्नता हुई ...हाइकु की कुछ बारीकियां अवश्य सीख पाउंगी ...तहे दिल से उनका आभार !!!








Tuesday, 24 September 2013

कुण्डलिया संग्रह 'काव्यगंधा' का लोकार्पण

साहित्य के क्षेत्र में श्री त्रिलोक सिंह ठकुरेला जी का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं...छंद हो या हाइकु...उनकी रचनाएँ सारगर्भित होती हैं...और पाठकों को आकर्षित करने में सफल रहती हैं...हिन्दी हाइगा पर भी माननीय ठकुरेला जी के हाइगा प्रकाशित हैं| अभी हाल में ही उनके कुण्डलिया संग्रह 'काव्यगंधा' का लोकार्पण हुआ...इसके लिए हिन्दी हाइगा परिवार की ओर से उन्हें अनेकानेक बधाई एवं शुभकामनाएँ !!! प्रस्तुत है लोकार्पण समारोह की रिपोर्ट...

त्रिलोक सिंह  ठकुरेला  का कुण्डलिया संग्रह ' काव्यगंधा '  लोकार्पित 

सिरोही (  20 -09- 2013 )      राजस्थान साहित्य अकादमी एवं अजीत फाउंडेशन  के संयुक्त तत्वावधान में  सर्वधाम मंदिर के सभागार में  आयोजित कार्यक्रम में 
साहित्यकार त्रिलोक सिंह ठकुरेला के कुण्डलिया संग्रह ' काव्यगंधा ' का  लोकार्पण किया  गया .कार्यक्रम  का  शुभारंभ दीप-प्रज्वलन और सरस्वती वन्दना के  साथ हुआ .इस अवसर  पर  विशिष्ट  अतिथि और वरिष्ठ आलोचक डॉ.रमाकांत शर्मा , अजीत  फाउंडेशन  के  सचिव श्री  आशुतोष पटनी ,
एस.पी. कालेज के प्राचार्य डॉ. वी.के.  त्रिवेदी एवं साहित्यकार श्रीमती शकुन्तला गौड़ 'शकुन ' सहित   अनेक गणमान्य   व्यक्ति एवं  साहित्यप्रेमी उपस्थित थे.
                        राजस्थान साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री वेद  व्यास ने  इस अवसर  पर शुभ-कामनाएं  व्यक्त करते  हुए कहा  कि ' इस  कंप्यूटर के युग में   भी  पुस्तकें महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि कंप्यूटर और इंटरनेट की सुविधा बहुत कम  लोगों  के  पास है.इसी  कारण साहित्यकार  और  पुस्तकें   आज  भी प्रासंगिक और   महत्वपूर्ण  हैं.
                        राजकीय महाविद्यालय , सिरोही की  हिन्दी प्रवक्ता सुश्री शची सिंह ने  कहा कि 'आज कविता से  छंद  लुप्त  होता जा  रहा है  और  कविता गद्य का  रूप  लेती  जा  रही  है. ऐसे   समय में ' काव्यगंधा '  का  प्रकाशित होना  सुखद तो  है ही , यह  साहित्य की   छांदस  परम्परा को  आगे बढाने  का  एक  प्रशंसनीय प्रयास  है.मुझे पूर्ण विश्वास है कि त्रिलोक  सिंह ठकुरेला का यह संग्रह कुण्डलिया छंद  को नए शिखर और  नए आयामों की ओर  ले  जाएगा. जीवन  में  यदि भाव  न  हों तो  जीवन  नीरस हो जाएगा . काव्यगंधा  की  कविता भावों की कविता है. 
             शुश्री शची सिंह ने ' काव्यगंधा ' से कुण्डलिया छंदों का वाचन भी  किया .
इस अवसर पर श्रीमती शकुन्तला गौड़ 'शकुन ' के  कविता संग्रह ' हम  तो  वृक्ष हैं '  का  लोकार्पण  भी किया गया. 
'डॉ.सोहनलाल पटनी  स्मृति व्याख्यान ' के  अंतर्गत ' साहित्य ,समाज  और  हमारा समय ' विषय पर  बोलते हुए श्री वेद   व्यास ने डॉ.सोहनलाल पटनी के  व्यक्तित्व और  कृतित्व पर  प्रकाश डालते  हुए कहा  कि   डॉ.सोहनलाल पटनी  का व्यक्तित्व सभी को प्रभावित करता था. उनका कृतित्व एवं शोध कार्य  समय की  कसौटी पर  महत्वपूर्ण  दस्तावेज हैं  . उन्होंने कहा  कि
साहित्यकार  ,  चित्रकार और शिल्पकार ही देश का भविष्य और इतिहास बनाते  हैं .साहित्यकार संवेदनशील होता है और  उसे  दूसरे का  दुःख प्रभावित  करता है .जो धारा के  विरुद्ध चलता है, वही  इतिहास बनाता है और साहित्यकार को भी  कई  बार  समय  की  धारा  के  विरुद्ध चलना  पड़ता है . उन्होंने युवाओं का  आह्वान करते  हुए  कहा कि युवा  साहित्य  से  जुड़ें और  विविध  विधाओं में  रचनाओं  का  सर्जन  करें 
  अंत में श्री आशुतोष पटनी ने सभी  का  आभार प्रकट करते  हुए धन्यवाद  ज्ञापित किया